पांचवीं फेल भाइयों का डिजिटल कांड: टैबलेट पर गूगल मैप से ढूंढते थे शिकार

मध्य प्रदेश के पांचवीं फेल भाइयों के एक गिरोह ने टैबलेट और गूगल मैप का सहारा लेकर औद्योगिक कॉलोनियों को अपना निशाना बनाया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जागरण संवाददाता, अमरोहा। गजरौला की जुबिलेंट फैक्ट्री की आवासीय कालोनी में हुई चोरी की घटना को मध्य प्रदेश के पांचवीं फेल दो सगे भाइयों ने अपने फुफेरे भाई के साथ मिलकर अंजाम दिया था। यह गैंग टैबलेट पर गूगल मैप के माध्यम से औद्योगिक इकाइयों की आवासीय कालोनी की लोकेशन लेकर घटनाओं को विशेष रूप से सप्ताहांत यानि शनिवार रात को अंजाम देता है। पुलिस ने इस गैंग के एक सदस्य को सुरेश को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया है। जबकि दोनों सगे भाई पूनम व अंबु उर्फ अंबाराम फरार हैं। यह घटना 24 अप्रैल की रात को गजरौला में स्थित जुबिलेंट फैक्ट्री की आवासीय कालोनी में हुई थी। यहां से चोरों ने फैक्ट्री कर्मी देश दीपक मिश्रा के आवास का ताला तोड़ कर 11 हजार रुपये की नकदी व लगभग 35 लाख रुपये कीमत के सोना-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए थे। पुलिस ने अज्ञात में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। एसपी लखन सिंह यादव ने थाना पुलिस के साथ ही एसओजी व सर्विलांस टीम को भी लगाया था। इस क्रम में टीम को घटना वाले दिन यानि सुबह 10 बजे तक गजरौला में मध्य प्रदेश का मोबाइल नंबर सक्रिय दिखा। जोकि बाद में बंद हो गया था। इसी मोबाइल नंबर पर काम करते हुए पुलिस मध्य प्रदेश तक पहुंच गई। सोमवार को वहां पुलिस ने एक आरोपित सुरेश निवासी सुरेश निवासी ग्राम देवीपुरा थाना टांडा जनपद धार (मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए 11 हजार रुपये तथा लगभग 24 लाख रुपये कीमत के जेवरात भी बरामद कर लिए। जबकि उसके दो साथी पूनम व अंबु उर्फ अंबाराम निवासी ग्राम गातला थाना टांडा जनपद धार (मध्य प्रदेश) फरार हो गए। यह दोनों सगे भाई हैं तथा सुरेश इनका फुफेरा भाई है। इसी गैंग ने 21 अप्रैल को बरेली के आंवला स्थित इफको फैक्ट्री की आवासीय कालोनी में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया था। मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि इस गैंग के तीनों सदस्य पांचवीं फेल हैं तथा टैबलेट के माध्यम से औद्योगिक इकाइयों की लोकेशन तलाश करते हैं। उसके बाद वहां की रैकी कर घटना को अंजाम देते हैं। गजरौला में भी तीनों लोगों ने 24 अप्रैल को पहुंच कर सुबह से ही रैकी की थी तथा रात तो दीवार पर लगे तार काट कर कालोनी में प्रवेश किया था। बताया कि इस गैंग के सदस्यों का मानना था कि किसी भी औद्योगिक इकाइयों में रहने वाले अधिकांश परिवार सप्ताहांत यानि शनिवार को छुट्टी मनाने बाहर जाते हैं। ऐसे में घर अकेला मिल जाता है तथा चोरी करना आसान होता है। इन्होंने जुबिलेंट में भी इसी तर्ज पर घटना को अंजाम दिया था। बताया कि आरोपित सुरेश को जेल भेज दिया है तथा फरार आरोपितों की तलाश जारी है। यह भी पढ़ें- मेरठ और अमरोहा के लोगों ने ‘निगली’ 91 हेक्टेयर सरकारी जमीन, रिपोर्ट के बाद वन विभाग में मचा हड़कंप
पांचवीं फेल, डिजिटल चोरी, गूगल मैप, अमरोहा पुलिस, औद्योगिक चोरी, जुबिलेंट फैक्ट्री