राहुल गांधी का दावा, भाजपा-RSS समर्थकों के मन में डर और नफरत के कारण वे प्रेम महसूस नहीं कर पाते

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने माता-पिता को लेकर दिए गए एक बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने कहा है कि भाजपा और आरएसएस के समर्थक उनके बयान को लगातार ट्रोल कर रहे हैं। उनका यह बयान उनके माता-पिता के स्नेहपूर्ण पलों से जुड़ा हुआ था, जिस पर दोनों संगठनों की ओर से प्रतिक्रिया और ट्रोलिंग की गई थी।
इस ट्रोलिंग पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा की। उन्होंने अपने बयान में कहा कि डर, क्रोध और नफरत ने भाजपा और आरएसएस समर्थकों के दिलों में ऐसा जाल बुन रखा है, जो उन्हें प्रेम को महसूस करने और उसे स्वतंत्र रूप से व्यक्त करने से रोकता है।

राहुल गांधी ने आगे कहा कि एक सच्चे हिंदू के नाते उनका यह कर्तव्य बनता है कि वे इन लोगों को नफरत और डर के इस जाल से मुक्त कराएं। उन्होंने कहा कि इस मुक्ति से वे भी अपने जीवन में प्रेम और अपनत्व की अद्भुत सुंदरता तथा आनंद का अनुभव कर सकेंगे। अपनी इस बात को पुष्ट करते हुए उन्होंने ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ का भी उल्लेख किया।