मुरादाबाद: रामपुर पहुंच आजम बोले- 2027 में चुनाव नहीं इंकलाब होगा, देश आजाद है …मगर संविधान कैद

डासना जेल से रिहा होने के बाद बुधवार की रात को रामपुर पहुंचे समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां ने अपने पुराने तेवर दिखाए। उन्होंने देश की मौजूदा परिस्थितियों और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब यकीन हो गया है कि देश आजाद है, लेकिन संविधान कैद है। संविधान की आजादी के लिए सबको मिलकर आवाज उठानी होगी। उन्होंने दावा किया कि 2027 में चुनाव नहीं, इंकलाब होगा। यह लड़ाई धर्म और जाति के नाम पर नहीं, बल्कि मुद्दों पर लड़ी जाएगी। साथ ही साफ किया कि उनका मकसद किसी से बदला लेना नहीं, बल्कि न्याय की लड़ाई लड़ना है।
रामपुर में अपने आवास के बाहर मीडिया से बातचीत में आजम खां ने कहा कि वह संविधान और कानून के लिए पहले भी मरने को तैयार थे, आज भी हैं और आगे भी रहेंगे। उन्होंने कहा कि देश में संविधान की रक्षा और उसकी गरिमा बनाए रखने की जरूरत है। संवैधानिक संस्थाओं की साख पर सवाल उठ रहे हैं। आज जिस तरह के कानून बनाए जा रहे हैं, उन पर गंभीरता से विचार होना चाहिए। संस्थाओं को अपना स्तर और विश्वसनीयता बचाकर रखनी चाहिए। उन्होंने इसे एक गुनाहगार की ओर से किया गया निवेदन बताया।

आगामी राजनीतिक माहौल पर चर्चा करते हुए आजम खां ने कहा कि आने वाले समय में लड़ाई धर्म और जाति के नाम पर नहीं होगी, बल्कि लोग अपने वास्तविक मुद्दों को लेकर आवाज उठाएंगे। उन्होंने दोहराया कि 2027 में होने वाला चुनाव केवल एक सामान्य चुनाव नहीं, बल्कि इंकलाब होगा। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस लड़ाई में बदले की कोई भावना नहीं होगी। यह न्याय की मांग होगी और किसी से व्यक्तिगत बदला नहीं लिया जाएगा। लोकसभा और विधान परिषद के चुनाव परिणामों पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि जिन सीटों पर जीत मिली, वे भी उन्हें बेमानी लगीं। उन्होंने कहा कि वे इंसान हैं और इंसान की तरह सोचते हैं।
अपने ऊपर लगे आरोपों और जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर कटाक्ष करते हुए आजम खां ने कहा कि देश में माफिया का नारा लगाया गया और सवाल उठाया कि क्या वह माफिया हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए स्कूल और विश्वविद्यालय खोलने वाला भी क्या माफिया हो सकता है? तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अगर मुर्गी, बकरी और भैंस चोरी करने वाला व्यक्ति प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का मुल्जिम हो सकता है तो विश्वविद्यालय बनाने वाले को भी निशाना बनाया जा सकता है।
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए आजम खां ने महामना मदन मोहन मालवीय और सर सैयद अहमद खां का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यदि उनके दौर में ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग जैसी एजेंसियां होतीं तो शायद उन्हें भी जेल में होना पड़ता। उन्होंने कहा कि अदालत से मिले न्याय ने उनके जैसे कमजोर लोगों को बल दिया है। बातचीत के अंत में उन्होंने अपने समर्थकों और चाहने वालों के लिए कहा, ‘तुम जियो हजारों साल।’