राहुल गांधी ने कैंब्रिज के दिनों को किया याद, सोनिया गांधी की किताब लॉन्च पर दिया बयान

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलोंगिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन के अवसर पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने कैंब्रिज यूनिवर्सिटी के दिनों से जुड़ी एक निजी याद साझा की। इस दौरान जब उनसे उनकी ‘गर्लफ्रेंड’ के जिक्र को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि वह उनकी दोस्त हैं।
सोमवार को आयोजित इस बुक लॉन्च इवेंट में राहुल गांधी ने बताया कि अपने कैंब्रिज के दौर में वह अपनी गर्लफ्रेंड को उस रेस्टोरेंट में लेकर गए थे, जहां उनके माता-पिता यानी पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और सोनिया गांधी की पहली मुलाकात हुई थी। राहुल ने वाकया साझा करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी साथी से कहा था कि चलो ‘वर्सिटी रेस्टोरेंट’ चलते हैं, हालांकि उसे इसके बारे में कोई जानकारी नहीं थी।
उन्होंने आगे बताया कि वह यह देखना चाहते थे कि उनके माता-पिता कहां मिले थे। राहुल गांधी के अनुसार, वे वहां पहुंचे और उन्हें पीले रंग का दरवाजा अब भी अच्छी तरह याद है। वहां एक सज्जन खड़े थे, जिन्होंने दो लोगों के आने पर बैठने के लिए कहा और मेन्यू थमाया। राहुल ने बताया कि उन्होंने वहां मौजूद व्यक्ति को बताया था कि उनके माता-पिता इसी रेस्टोरेंट में मिले थे।
इस दौरान राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी से जुड़े अन्य संस्मरण भी साझा किए। उन्होंने कहा कि वह अक्सर अपनी मां से बहस करते हैं क्योंकि उनकी याददाश्त बहुत तेज है और वह कभी कुछ नहीं भूलतीं, सिवाय उस घटना के जब उनके पिता राजीव गांधी की मृत्यु हुई थी। राहुल ने बताया कि यदि आप उनसे उस घटना के बारे में पूछेंगे, तो उन्हें उसकी कोई याद नहीं है।
‘बिलोंगिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के इस विमोचन समारोह में सोनिया गांधी के साथ राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी भी मंच पर मौजूद थीं। इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में राजनीतिक जगत की कई जानी-मानी हस्तियां भी शामिल हुईं। बुक लॉन्च इवेंट के दौरान सामने आई एक तस्वीर में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव सोनिया गांधी के ठीक बगल में बैठे नजर आए। इसके अलावा, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह की उपस्थिति ने भी इस कार्यक्रम में सभी का ध्यान आकर्षित किया।