व्यापार

मारुति सुजुकी 800 को मिला प्रतिष्ठित एफआईवीए वर्ल्ड व्हीकल हेरिटेज अवॉर्ड

मारुति सुजुकी 800 सिर्फ एक वाहन नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों के पहली कार के सपने का प्रतीक रही है। भले ही यह कार अब बाजार में नहीं बिकती है, लेकिन दशकों तक भारतीय सड़कों पर राज करने वाली इस प्रतिष्ठित कार को अब एक खास अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिला है। मारुति 800 को एफआईवीए (FIVA) वर्ल्ड व्हीकल हेरिटेज अवॉर्ड से नवाजा गया है और यह उपलब्धि हासिल करने वाली यह भारत की पहली और एकमात्र कार है।

इस प्रतिष्ठित अवॉर्ड के मिलने के साथ ही मारुति 800 दुनिया की उन 21 ऐतिहासिक कारों की चुनिंदा सूची में शामिल हो गई है, जिन्हें वैश्विक ऑटोमोबाइल विरासत के लिए बेहद अहम माना जाता है। एफआईवीए, ऐतिहासिक गाड़ियों के संरक्षण के लिए काम करने वाला एक अंतरराष्ट्रीय नॉन-प्रॉफिट फेडरेशन है और यह यूनेस्को (UNESCO) का एक गैर-सरकारी साझेदार भी है। आम आदमी की कार के रूप में पहचानी जाने वाली मारुति 800 ने देश में प्राइवेट मोबिलिटी की तस्वीर बदलने के साथ-साथ भारत की ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरिंग क्षमता और आम नागरिकों की रोजमर्रा की जिंदगी पर भी गहरा प्रभाव छोड़ा है।

कंपनी ने मारुति 800 को वर्ष 1983 में लॉन्च किया था। यह वह दौर था जब भारतीय बाजार में प्राइवेट कार खरीदना एक बड़े सपने जैसा था और घरेलू स्तर पर ग्राहकों के पास बहुत सीमित विकल्प मौजूद थे। इस कार का कॉम्पैक्ट आकार, किफायती कीमत और इसे आसानी से चला सकने की खूबी ने इसे भारतीय उपभोक्ताओं के बीच खास बना दिया। इसका ओरिजनल मॉडल सुजुकी एसएस80 पर आधारित था, जिसे सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन और भारत सरकार के बीच हुई साझेदारी के तहत तैयार किया गया था। इस मैन्युफैक्चरिंग प्रोग्राम की शुरुआत शुरुआत में 40 हजार कारों की वार्षिक क्षमता के साथ की गई थी।

कंपनी ने इस कार का उत्पादन लगातार तीस सालों तक जारी रखा। इस लंबी अवधि के दौरान देश में इसकी 29 लाख से अधिक यूनिट्स का निर्माण किया गया। मारुति 800 की सफलता ने मारुति सुजुकी को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी एक मजबूत पहचान दिलाई। इस गाड़ी का यूरोप में निर्यात साल 1987 में शुरू हुआ था। वर्तमान में मारुति सुजुकी दुनिया के 120 देशों में सालाना 4 लाख गाड़ियों का निर्यात करती है, और इस वैश्विक विस्तार की मजबूत नींव मारुति 800 ने ही रखी थी।

वर्ष 1983 में शुरू हुआ मारुति 800 का यह सफर भारत में साल 2014 तक जारी रहा। यह भारत की पहली मास मार्केट कार थी, जिसमें 796 सीसी का 3-सिलेंडर पेट्रोल इंजन आता था। यह इंजन 37 बीएचपी की पावर और 59 एनएम का टॉर्क जनरेट करने की क्षमता रखता था। अपने दशकों लंबे सफर और तकनीकी योगदान के दम पर आज इस क्लासिक कार ने वैश्विक पटल पर एक नया इतिहास रच दिया है।

Back to top button