हुंडई ने पेश की नई 7-सीटर इलेक्ट्रिक MPV ‘Neira’, जानिए क्या है इसकी खासियत

वाहन निर्माता कंपनी हुंडई ने अपनी नई 7-सीटर इलेक्ट्रिक MPV ‘Neira’ के प्रोडक्शन मॉडल की पहली झलक दिखा दी है। कंपनी इसे आगामी 20 नवंबर को आधिकारिक तौर पर पेश करने जा रही है। बाजार में इस नई इलेक्ट्रिक MPV का मुकाबला किआ कैरेंस क्लैविस EV से होगा। माना जा रहा है कि इसमें किआ कैरेंस क्लैविस EV जैसे ही कई फीचर्स, तकनीक और पावरट्रेन विकल्प मिल सकते हैं।
सामने आई तस्वीरों के मुताबिक, इस गाड़ी का डिजाइन पहले दिखाए गए कॉन्सेप्ट मॉडल जैसा ही रखा गया है। कार के फ्रंट ग्रिल, हेडलैंप और अलॉय व्हील के डिजाइन में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है। हुंडई ने फिलहाल इसके केबिन की तस्वीरें आधिकारिक तौर पर साझा नहीं की हैं, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि इसका इंटीरियर काफी हद तक किआ कैरेंस क्लैविस EV के समान हो सकता है। इसमें डैशबोर्ड का डिजाइन और मिलने वाले फीचर्स भी एक जैसे रहने की संभावना है।

इस इलेक्ट्रिक MPV का नाम इंडोनेशिया के Neira क्षेत्र के नाम पर रखा गया है। इंडोनेशियाई बाजार में यह हुंडई की सबसे छोटी इलेक्ट्रिक कार होगी और कंपनी आधिकारिक लॉन्च से पहले देश के विभिन्न हिस्सों में इसकी झलक दिखा रही है।
फीचर्स की बात करें तो हुंडई ने इसमें 360-डिग्री कैमरा और लेवल-2 ADAS मिलने की पुष्टि की है। इस वाहन को तीन वेरिएंट और दो बैटरी पैक के विकल्पों में उतारा जा सकता है। इसमें पहला विकल्प 42 kWh का बैटरी पैक हो सकता है, जबकि दूसरा बड़ा बैटरी पैक 51.4 kWh का मिल सकता है। छोटी बैटरी के साथ यह कार एक बार फुल चार्ज होने पर 404 किलोमीटर तक की दूरी तय कर सकेगी, वहीं बड़ी बैटरी के साथ इसकी रेंज 490 किलोमीटर तक होने की उम्मीद है। दोनों ही बैटरी विकल्पों में फ्रंट-व्हील ड्राइव इलेक्ट्रिक मोटर मिलने की संभावना है, जो 171 bhp की पावर और 255 Nm का टॉर्क जनरेट करने में सक्षम हो सकती है।

भारतीय बाजार में हुंडई Neira उन इलेक्ट्रिक गाड़ियों में शामिल है, जिन्हें कंपनी 2027 में लॉन्च कर सकती है। हालांकि, भारत में इसे केवल पूरी तरह से इलेक्ट्रिक मॉडल के तौर पर ही नहीं, बल्कि पारंपरिक पेट्रोल इंजन के विकल्प के साथ भी पेश किए जाने की संभावना है। इसके जरिए कंपनी देश के तेजी से बढ़ते MPV सेगमेंट में अपनी पकड़ को और मजबूत करना चाहती है। भारत में इसका मुकाबला मारुति सुजुकी अर्टिगा, टोयोटा रुमियन और किआ कैरेंस जैसी गाड़ियों से होगा। उल्लेखनीय है कि किआ कैरेंस पहले से ही इलेक्ट्रिक विकल्प में उपलब्ध है, जबकि हुंडई Neira और मारुति सुजुकी की YMC कोडनेम वाली नई MPV भी साल 2027 में इस सेगमेंट में प्रवेश कर सकती हैं।