सोनिया गांधी के कार्यक्रम में पहुंचे कैप्टन अमरिंदर सिंह, पंजाब की सियासत में चर्चाएं तेज

दिल्ली में सोनिया गांधी की पुस्तक के विमोचन समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह की मौजूदगी ने पंजाब की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने के करीब चार साल बाद कैप्टन का सोनिया गांधी के कार्यक्रम में पहली कतार में बैठना महज एक शिष्टाचार मुलाकात है या इसके पीछे कोई सियासी संदेश छिपा है, इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हो गई हैं।
हालांकि, कैप्टन ने वापसी की अटकलों पर खुद विराम लगाते हुए साफ किया है कि वह दोबारा से कांग्रेस जॉइन नहीं कर रहे हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 2022 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। इसके बावजूद गांधी परिवार के साथ उनके व्यक्तिगत संबंध पूरी तरह खत्म नहीं हुए। वह पहले भी सोनिया गांधी के प्रति सम्मान और कांग्रेस के साथ अपने पुराने जुड़ाव की बात स्वीकार कर चुके हैं।

ऐसे में पुस्तक विमोचन समारोह में उनकी मौजूदगी को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। कैप्टन की इस मौजूदगी के पीछे उनकी भाजपा के साथ मौजूदा राजनीतिक स्थिति को भी अहम माना जा रहा है। कैप्टन का कहना रहा है कि दो बार मुख्यमंत्री रहने के बावजूद भाजपा ने पंजाब से जुड़े राजनीतिक मामलों में उनके अनुभव का अपेक्षित इस्तेमाल नहीं किया है। ऐसे में भाजपा में उनकी भूमिका और भविष्य को लेकर सवाल उठते रहे हैं।
उधर कांग्रेस की ओर से भी कैप्टन की वापसी की संभावनाओं को लेकर समय-समय पर बयान सामने आए हैं। पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने पहले कहा था कि राजनीति में कुछ भी संभव है, हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि इस संबंध में कैप्टन से कोई बातचीत नहीं हुई है। वहीं, राहुल गांधी ने हाल ही में कैप्टन को भाजपा में अपना पसंदीदा नेता बताते हुए उन्हें अंकल कूल कहा था और कैप्टन के साथ व्यक्तिगत संबंधों का जिक्र किया था। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह की राजनीतिक भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।
राजधानी के एक पांच सितारा होटल में आयोजित समारोह में सोनिया गांधी ने कहा कि किताब के जिन हिस्सों को लिखना उनके लिए सबसे मुश्किल था, वे उनकी सास इंदिरा गांधी और पति राजीव गांधी की हत्या से जुड़े थे। उन्होंने कहा कि इस किताब को लिखने का एक कारण यह था कि उनके परिवार, उनकी सास, पति, बेटे और बेटी के बारे में बहुत कुछ कहा गया है, जिनमें से ज्यादातर बातें मनगढ़ंत थीं और कई बार ऐसी बातें कही गईं जिनसे दुख पहुंचा।
समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के अलावा सपा प्रमुख अखिलेश यादव, टीएमसी के अभिषेक बनर्जी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला और एनसीपी (एसपी) की नेता सुप्रिया सुले सहित इंडिया गठबंधन के कई नेता शामिल हुए।

हार्परकॉलिन्स इंडिया की तरफ से प्रकाशित ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ को पिछले मंगलवार को जारी किया गया था। प्रकाशक के दावे के अनुसार, एक हफ्ते के भीतर किताब की दो लाख से अधिक प्रतियां बिक चुकी हैं, जिस पर सोनिया गांधी ने कहा कि वह लोगों के प्यार से अभिभूत हैं। पटियाला ही नहीं, बल्कि पूरे मालवा क्षेत्र में कैप्टन परिवार का प्रभाव अब भी राजनीतिक दलों के लिए मायने रखता है। फिलहाल कैप्टन ने भाजपा छोड़ने या कांग्रेस में लौटने की कोई घोषणा नहीं की है, और सोनिया गांधी के कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी को व्यक्तिगत संबंधों तथा बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच एक अहम घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।